उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पूरे सप्ताह आंधी, बारिश, बिजली गिरने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई है। आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
4 अप्रैल को मौसम विभाग ने दोपहर और शाम के लिए खास अलर्ट जारी किया है। इस दिन 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री रहने का अनुमान है।
5 अप्रैल को भी गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहेगी। 6 अप्रैल को थोड़ी राहत मिलेगी जब आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और कोई चेतावनी नहीं है। 7 अप्रैल को फिर से बारिश की वापसी होगी और 8 अप्रैल तक तापमान 31-17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज आंधी और बिजली के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें, पेड़ों के नीचे न खड़े हों और अनावश्यक यात्रा से बचें। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है।










