प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 11 से 14 अप्रैल तक टीका उत्सव मनाए जाने के आह्वान के बाद देश में कोविड टीकाकरण अभियान में उल्लेखनीय तेजी आई है। कल विशेष टीकाकरण अभियान के दूसरे दिन रात 8 बजे तक टीके की 37 लाख से अधिक खुराक दी जा चुकी थी। टीकाकरण केंद्रों की संख्या में भी कल काफी वृद्धि हुई। इनकी संख्या लगभग 45 हज़ार से बढ़कर करीब 71 हज़ार हो गई। यानी एक दिन टीकाकरण केंद्रों में 26 हज़ार की वृद्धि हुई है।
कई कार्यस्थलों पर भी लाभार्थियों को लग रहे टीकों को मिलाकर देश में अब तक टीके की 10 करोड़ 82 लाख 92 हज़ार से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।
पहली अप्रैल को 45 साल से अधिक की आयु के लोगों के लिए भी टीकाकरण शुरू हुआ था। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि इतने कम समय में 45 साल से अधिक के लगभग 7 करोड़ 60 लाख लोगों को कोविड-19 की पहली खुराक दी जा चुकी है जबकि इसी आयु वर्ग के 30 लाख से अधिक लोग टीके की दोनों डोज़ ले चुके हैं।










