बादल फटने के दो दिन बाद पहलगाम मार्ग से अमरनाथ यात्रा फिर शुरू

अमरनाथ यात्रा आज सुबह से फिर शुरू कर दी गई है। इसे अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने के बाद स्थगित कर दिया गया था। श्रद्धालुओं का एक नया जत्था जम्मू में भगवती नगर आधार शिविर से पहलगाम में नुनवान आधार शिविर के लिए रवाना हो गया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं के एक जत्थे को आज सुबह नुनवान आधार शिविर से पहलगाम के रास्ते आगे के लिए रवाना किया। बालतल मार्ग से यात्रा अभी शुरू नहीं हुई है। हालांकि हेलीकॉप्टर सेवा बालतल और पहलगाम दोनों रास्तों पर उपलब्ध है।

मनोज सिन्हा ने कल पहलगाम स्थित नुनवान आधार शिविर का दौरा किया। उन्होंने वहां ठहरे यात्रियों से बातचीत की और स्वास्थ्य सुविधाओं तथा लंगर व्यवस्था की समीक्षा की। इस बीच, अमरनाथ गुफा के निकट बचाव कार्य जारी है। मलबे में दबे लोगों का पता लगाया जा रहा है। सेना भी रास्ते की मरम्मत में लगी है।

गौरतलब है कि कोरोना महामारी के कारण अमरनाथ यात्रा बीते दो साल से रद थी, लेकिन इस साल अमरनाथ यात्रा 30 जून को बालटाल मार्ग और पहलगाम मार्ग से शुरू हुई थी।

अमरनाथ गुफा के पास शुक्रवार को आए सैलाब में लापता लोगों की तलाश जारी है। शुक्रवार की शाम पवित्र गुफा के पास तेज बारिश से आए सैलाब के चलते यात्रा को रोकना पड़ा था। गुफा के सामने करीब 10 फुट तक मलबा जमा होने से यात्रा मार्ग भी ध्वस्त हो गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here