अमेरिका और इजरायल से तनाव के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स की नौसेना ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर सख्त चेतावनी जारी की है। ईरान ने साफ कहा कि इस जलडमरूमध्य में होने वाली हर हलचल उनके सशस्त्र बलों की पूरी निगरानी में है और किसी भी गलत कदम का अंजाम घातक होगा। यह चेतावनी तब आई जब अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दो युद्धपोतों के होर्मुज से गुजरने और बारूदी सुरंगें हटाने के अभियान का दावा किया।
ईरान ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह एक असफल प्रचार स्टंट था और अमेरिकी जहाजों को पीछे हटना पड़ा। IRGC ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी बहाने से होर्मुज के करीब आने वाले जहाज को संघर्ष विराम का उल्लंघन माना जाएगा। यह पूरा घटनाक्रम ईरान-अमेरिका वार्ता के विफल होने के बाद सामने आया है, जहां दो हफ्ते के सीजफायर की शर्तों पर दोनों देश एकमत नहीं हो सके।











