राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की एक टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों के हंगामे के कारण बृहस्पतिवार को लोकसभा की बैठक एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न 4 बजे तक स्थगित कर दी गई।
भाजपा ने कांग्रेस को ‘आदिवासियों, महिलाओं और गरीबों का विरोधी’ करार देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से इस पर माफी की मांग की। इससे पहले, निचले सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई तो महिला और बाल विकास मंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी ने इस विषय को उठाते हुए कहा कि सदन में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने सदन से बाहर देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहकर उनका अपमान किया।
उन्होंने कहा कि इस देश का गौरव है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 75 साल की आजादी में पहली बार किसी गरीब आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया।
ईरानी ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनते ही मुर्मू कांग्रेस की घृणा का केंद्र बन गयीं। कांग्रेस के पुरुष नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को ‘कठपुतली’ कहा, द्रौपदी को ‘अमंगल का प्रतीक’ कहा। और कल सदन में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहकर उनका अपमान किया।’’
इस दौरान सोनिया गांधी और चौधरी सदन में उपस्थित थे।











