अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को कहा कि फिलिस्तीनी संगठन हमास अलकायदा से भी ज्यादा बदतर है। उन्होनें फिलाडेल्फिया में ‘हाइड्रोजन हब्स’ में अपने संबोधन में कहा, हमें जितना अधिक इस हमले के बारे में पता चलता है वह उतना और अधिक भयावह प्रतीत होता है। एक हजार से अधिक निर्दोष लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें 27 अमेरिकी भी शामिल हैं।
राष्ट्रपति ने आगे कहा, Hamas के मुकाबले तो अलकायदा भी कुछ ठीक लगता है, ये शैतान हैं, जैसा मैं शुरुआत से कहता आ रहा हूं कि अमेरिका इसे लेकर गलती नहीं कर रहा, वह इजराइल के साथ है। बाइडन ने कहा, विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन कल इजराइल में थे और आज रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन वहां हैं।
बाइडन ने कहा, वे दर्द से गुजर रहे हैं, उन्हें नहीं पता कि उनके बेटे, बेटी, पति, पत्नी और बच्चे किस हाल में हैं. आप समझ रहे हैं -यह परेशान करने वाला है, मैंने उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। उन्होनें कहा, हम हमास द्वारा पकड़े गए अमेरिकियों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए इजराइल और क्षेत्र में अपने सहयोगियों के साथ चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं और हम तब तक रुकने वाले नहीं हैं जब तक हम उन्हें घर नहीं ले आते।











