जदयू विधायक गोपाल मंडल हाथ में रिवॉल्वर लेकर बिहार के भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंच गये जिससे वहां हड़कंप मच गया। उन्होंने कहा कि यह मेरा स्टाइल है।
गोपाल मंडल अपनी पोती के साथ सीटी स्कैन के लिए अस्पताल आए थे। जब किसी ने उनसे रिवॉल्वर के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा, ‘इसे हाथ में लेकर नहीं चलेंगे तो क्या कमर में रखेंगे। मंडल ने जाति-आधारित सर्वेक्षण रिपोर्ट की तरफ इशारा करते हुए कहा, ‘अतीत में अपराधी मेरे पीछे थे और इसलिए मैं हथियार रखता था। अब राजनीतिक लोग मेरे पीछे पड़े हैं। वे जानते हैं कि मैं अगले चुनाव में सांसद बनूंगा और इसलिए वे मेरे पीछे हैं।
मैंने आत्मरक्षा के लिए हाथ में रिवॉल्वर पकड़ रखी है। यदि कोई यहां या कहीं भी मेरे विरुद्ध कुछ भी दुस्साहस करेगा तो मैं उसे गोली मार दूंगा। हमारे समुदाय में मुझे वोट देने वाले मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है और वे मुझे सांसद बनाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हाथ में रिवॉल्वर रखना उनका स्टाइल है और उनके समर्थक इसे पसंद करते है। बीजेपी ने कहा है कि गोपाल मंडल को तत्काल गिरफ्तार करना चाहिए।











