मोहन भागवत ने कहा कि ‘इंडिया’ के बजाय भारत शब्द का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से इसकी आदत डालने का आग्रह किया। भागवत ने कहा कि भारत नाम प्राचीन समय से चला आ रहा है और इसे आगे भी जारी रखना चाहिए।
“हमारे देश का नाम सदियों से भारत ही है. भाषा कोई भी हो, नाम एक ही रहता है.” भागवत ने कहा, “हमारा देश भारत है और हमें सभी व्यवहारिक क्षेत्रों में ‘इंडिया’ शब्द का प्रयोग बंद करके भारत का उपयोग शुरू करना होगा, तभी परिवर्तन आएगा। हमें अपने देश को भारत कहना होगा और दूसरों को भी समझाना होगा। ”
भागवत ने एकीकरण की शक्ति पर जोर देते हुए कहा कि भारत एक ऐसा देश है जो सभी को एकजुट करता है. उन्होंने कहा, “आज दुनिया को हमारी जरूरत है। हमारे बिना, दुनिया नहीं चल सकती। हमने योग के माध्यम से दुनिया को जोड़ा है.” उन्होंने दावा किया कि अंग्रेजों ने भारतीय शिक्षा प्रणाली को प्रतिस्थापित कर दिया था, वहीं नयी शिक्षा नीति बच्चों में देशभक्ति की भावना बढ़ाने का एक प्रयास है।











