पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारतीय नागरिकों की स्वदेश वापसी का सिलसिला तेजी से जारी है। कतर एयरवेज ने 20 से 22 मार्च के बीच भारत के विभिन्न शहरों के लिए 25 उड़ानें संचालित कीं, जिनसे लगभग 7,750 भारतीय नागरिक सुरक्षित घर लौटे। भारतीय दूतावास ने कतर में रह रहे भारतीय समुदाय के लिए सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।
दूतावास ने भारतीय समुदाय से आग्रह किया है कि वे कतर के अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और कार्यस्थलों पर सुरक्षा टीमों के आदेशों का सख्ती से अनुपालन करें। शैक्षणिक संस्थानों में धीरे-धीरे कक्षाएं फिर से शुरू करने के प्रयास जारी हैं और परिसरों में ‘शेल्टर-इन-प्लेस’ के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
राजदूत ने उन अभिभावकों से भी मुलाकात की जिनके बच्चे JEE और NEET परीक्षाओं में बैठने वाले हैं। दूतावास इस संबंध में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी के साथ समन्वय कर रहा है और सभी संबंधित पक्षों को नियमित अपडेट दे रहा है।
24 मार्च को Air India और Air India Express मिलकर पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने वाली 24 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी। इनमें जेद्दाह से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और कोझिकोड के लिए उड़ानें शामिल हैं। UAE से भी 10 गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित की जाएंगी।











