दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली-गाजीपुर सीमा पर तीन किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सिंघू और टिकरी सीमा पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नई दिल्ली इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है।
संयुक्त किसान मोर्चा ने आज महापंचायत का आह्वान किया है। इसमें विभिन्न राज्यों के किसानों के आने की संभावना है।हालांकि, दिल्ली पुलिस ने कहा है कि उसने विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है।
दरअसल, संयुक्त किसान मोर्चा में शामिल किसान संगठनों का कहना है कि वादा करने के बाद भी किसानों की मांगें अभी तक नहीं मानी गई हैं। किसान संगठनों का कहना है कि एमएसपी (MSP) गारंटी कानून बने। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी को गिरफ्तार किया जाए। किसानों के बिजली बिल को लेकर 2022 के नियम रद्द किए जाएं। गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाया जाए।