दिल्ली में आज से और ढील के साथ लॉकडाउन जारी रहेगा। राष्ट्रीय राजधानी में कोविड महामारी के चलते अप्रैल से लॉकडाउन लगा हुआ है। दिल्ली सरकार ने पिछले सप्ताह कोविड मरीजों की संख्या कम होने के बाद लॉकडाउन खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, निजी कार्यालयों को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ काम करने की अनुमति होगी।
सरकारी कार्यालयों के ग्रुप ‘ए’ के कर्मचारियों को 100 प्रतिशत और ग्रुप ‘बी’ के कर्मचारियों को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ काम करने की अनुमति होगी।
स्वास्थ्य सेवा, पुलिस, जेल, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं जैसी आवश्यक सेवाओं में काम करने वालों को बिना किसी प्रतिबंध के काम करने की अनुमति होगी।
दिल्ली सरकार ने कहा है कि अगर कोविड की स्थिति नियंत्रण में रहती है तो प्रतिबंधों में और ढील दी जाएगी। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि पिछले हफ्ते दिल्ली सरकार ने निर्माण कार्य और फैक्ट्रियों को खोल दिया था।