देश में कोविड के उपचाराधीन मरीजों की संख्या और कोविड संक्रमण में कमी आ रही है। इसके साथ ही देश में स्वस्थ होने की दर में भी लगातार सुधार हो रहा है, लेकिन कई राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि कल तीन लाख नवासी हजार से अधिक मरीज संक्रमण मुक्त हुए। स्वस्थ होने की दर में सुधार हुआ है और यह 86 दशमलव दो तीन प्रतिशत हो गई है। कोरोना संक्रमण से अब तक दो करोड 19 लाख से अधिक मरीज पहले ही स्वस्थ हो चुके हैं। कुल संक्रमित लोगों में से उपचाराधीन मरीजों की संख्या 12 दशमलव छह पांच प्रतिशत है। मंत्रालय ने कहा है कि देश में इस समय 32 लाख 26 हजार मरीजों का इलाज चल रहा है।
देश में कल दो लाख 67 हजार से अधिक लोगों में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई। कल इस संक्रमण से चार हजार 529 लोगों की मृत्यु हो गई। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढकर दो लाख 83 हजार से अधिक हो गई है। देश में महामारी शुरू होने के बाद यह एक दिन में मृतकों की यह सर्वाधिक संख्या है।