नेपाल और भूटान के नागरिकों को भारत में अब आसानी से मिल सकेगा सिम कार्ड,

अब तक भारत में आने वाले विदेशी नागरिकों को वीजा के आधार पर ही सिम कार्ड दिया जाता था। चूंकि नेपाल और भूटान के नागरिक बिना वीजा के ही भारत में यात्रा कर रहे थे ऐसे में उन्हें सिम कार्ड नहीं मिल पाता था।

भारत सरकार ने अपने यहां आने वाले नेपाली नागरिकों को आसानी से सिम कार्ड मिल सके, इसकी व्यवस्था कर दी है। इस संबंध में भारत के संचार मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी कर नेपाल और भूटान के नागरिकों के लिए सिम कार्ड लेने के नियमों में बदलाव की जानकारी दी है।

अधिसूचना के अनुसार, भारत में रह रहे या भारत की यात्रा पर आने वाले नेपाली नागरिकों को उनके देश के नागरिकता प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, वोटर आईडी कार्ड या सम्बन्धित देश के दूतावास द्वारा जारी पहचान पत्र के आधार पर सिम कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। दिल्ली में नेपाल के राजदूत डॉ. शंकर शर्मा ने भारत सरकार के इस निर्णय पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि भारत सरकार के इस फैसले से हजारों नेपाली नागरिकों को राहत मिली है।

भारत में पढ़ाई के लिए जाने वाले सैकड़ों नेपाली छात्र, काम के सिलसिले में भारत में रहने वाले हजारों नेपाली नागरिक और तीर्थाटन तथा पर्यटन के लिए भारत जाने वाले हजारों नेपाली नागरिकों को वहां सबसे पहले सिम कार्ड के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता था।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here