सरकार ने पाकिस्तान की तरफ अकस्मात ब्रह्मोस मिसाइल छोडे़ जाने के मामले में भारतीय वायुसेना के तीन अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है। यह घटना इस वर्ष मार्च में हुई थी।भारतीय वायुसेना ने एक बयान में कहा है कि 9 मार्च को ब्रह्मोस मिसाइल का दागा जाना एक दुर्घटना थी।
कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी में तीन अधिकारियों को मानक संचालन प्रक्रिया का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। इन अधिकारियों को प्राथमिक रूप से इस दुर्घटना का जिम्मेदार ठहराया गया है और केंद्र सरकार ने उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। भारतीय वायुसेना ने कहा है कि इन अधिकारियों को बर्खास्तगी के आदेश दे दिए गए हैं।
केंद्र सरकार ने पाकिस्तान की तरफ अकस्मात ब्रह्मोस मिसाइल दागे जाने की घटना को गंभीरता से लिया था और इस वर्ष मार्च में उच्च स्तरीय कोर्ट ऑफ इन्क्वारी के आदेश दिए थे।।