पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का नया पता अब जनपथ रोड स्थित वह बंगला होगा, जहां कभी पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान रहते थे। द्रौपदी मुर्मू के भारत के राष्ट्रपति पद की शपथ ग्रहण करने के बाद कोविंद राष्ट्रपति भवन छोड़कर सोमवार को अपने नए आवास पहुंचे।
परंपरा के तौर पर इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू भी मौजूद थीं। पासवान का निधन 2020 में हुआ था। उससे पहले करीब तीन दशक तक वह 12 जनपथ स्थित इस बंगले में रहे। उनके बेटे चिराग पासवान ने नोटिस मिलने के बाद अप्रैल में बंगला खाली कर दिया था।
कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्वीट किया, ‘‘ परंपरा के तौर पर माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के साथ पूर्व राष्ट्रपति आदरणीय रामनाथ कोविंद जी का नई दिल्ली में 12-जनपथ पर उनके नए आवास में स्वागत किया।’’