बंगलादेश में पांचागढ़ की कारातोया नदी में हुई नाव दुर्घटना में मृतकों की संख्या 50 हो गई है। बंगलादेश की सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के अनुसार कल 26 और शव निकाले गए। मृतकों में 24 महिलाएं, 15 पुरुष और 11 बच्चे शामिल हैं। 29 व्यक्ति अभी भी लापता हैं।
पांचागढ़ में यह दुर्घटना उस समय हुई जब महालया उत्सव में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की नाव बाधेश्वरी मंदिर जा रही थी। बीच धार में नियंत्रण बिगड़ने के कारण नाव पलट गई।
यह घटना रविवार को दोपहर बाद औलिया घाट के पास हुई। मृतकों के परिजनों को 20 हजार टका और घायलों को 10 हजार टका देने की घोषणा की है। दुर्घटना की जांच के लिए पांच सदस्यों की समिति बनाई गयी है जो तीन दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। बंगलादेश के राष्ट्रपति एम. अब्दुल हमीद और प्रधानमंत्री शेख हसीना ने घटना पर दुख व्यक्त किया है और पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।