महाराष्ट्र सरकार में मंत्री असलम शेख ने आज मुंबई में कहा कि राज्य सरकार शहर में आंशिक लॉकडाउन या रात का कर्फ्यू लगा सकती है। राज्य विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए श्री शेख ने कहा कि नए मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है और यह संभव है कि गेटवे ऑफ इंडिया और समुद्र तटों जैसे नाइट क्लब और पर्यटन स्थल जल्द ही कुछ समय के लिए बंद किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय अधिकारियों को लॉकडाउन के बारे में निर्णय लेने का अधिकार दिया गया है। नागरिकों से कोविड नियमों का सख्ती से पालन करने का आग्रह करते हुए श्री शेख ने बताया कि शहर में मास्क नहीं पहनने वाले लोगों को दंडित किया जा रहा है।
मुंबई में पिछले छह दिनों से एक हजार से अधिक नए मामले सामने आए, जिनमें सक्रिय मामलों की संख्या दस हजार से अधिक है।
ठाणे शहर के 16 हॉटस्पॉट क्षेत्रों में 13 से 31 मार्च तक लॉकडाउन लगाने के एक दिन बाद यह घोषणा की गई है। कोविड मामलों में वृद्धि को देखते हुए, ठाणे के नगर आयुक्त विपिन शर्मा ने कहा कि लॉकडाउन को सख्ती से लागू किया जाएगा।