भारत का अगला उपराष्ट्रपति चुनने के लिए शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न दलों के सांसदों ने मतदान किया। इसके बाद मतगणना की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले वोट डालने वाले सांसदों में शामिल रहे। उन्होंने मतदान से जुड़ी एक तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘2022 के उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान किया।’’
गृह मंत्री अमित शाह ने मतदान के बाद अपनी तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘आज संसद में देश के उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में मतदान किया।’’
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व्हीलचेयर पर संसद भवन पहुंचे और उपराष्ट्रपति चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
सिंह ने पिछले महीने राष्ट्रपति चुनाव में भी व्हीलचेयर से संसद भवन पहुंचकर वोट डाला था।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दोपहर में मतदान किया। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, पार्टी महासचिव जयराम रमेश और मुख्य विपक्षी दल के कई अन्य सांसदों ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
उपराष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रत्याशी एवं पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ (71) का मुकाबला विपक्ष की संयुक्त उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा (80) से है।