शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की है। ठाकरे ने कहा कि ये निर्णय पार्टी कार्यकर्ताओं और निर्वाचित प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। उन्होंने बताया कि कई जनजातीय समुदाय के नेताओं ने श्रीमती मुर्मू को समर्थन देने का अनुरोध किया था।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि उनके सभी 50 विधायक राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में मतदान करेंगे। इसमें शिवसेना के 40 और 10 निर्दलीय विधायक हैं।
शिंदे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने आदिवासी महिला को उम्मीदवार बनाया है और इस निर्णय से जनजातीय समुदाय को मुख्यधारा में आने में मदद मिलेगी।