रूसी सेना ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव के सेंट्रल स्क्वायर और कीव के मुख्य टीवी टॉवर पर बमबारी की। यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि राजधानी कीव में टीवी टावर पर हुए हमले में पांच लोग मारे गए। अधिकारियों ने कहा कि एक टीवी नियंत्रण कक्ष और एक बिजली सबस्टेशन प्रभावित हुआ और यूक्रेनी चैनलों ने कुछ समय के लिए प्रसारण बंद कर दिया।
रूस के रक्षा मंत्रालय द्वारा यूक्रेन की खुफिया एजेंसी की ट्रांसमिशन सुविधाओं को निशाना बनाने की चेतावनी के बाद ही उसने कीव में टी वी टावर पर हमला किया। रूस ने हमला करने से पहले ऐसे स्थानों के आसपास रहने वाले लोगों से अपने घरों को छोड़ने का आग्रह किया था।
खार्किव में, सोवियत-युग के प्रशासनिक भवन फ्रीडम स्क्वायर पर हमला होने से कम से कम छह लोग मारे गए थे। हमले से यूक्रेन का सबसे बड़ा प्लाजा और खार्किव शहर में सार्वजनिक जीवन का केंद्र प्रभावित हुआ।











