संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू हो रहा है जो 8 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान सदन की 19 बैठक होंगी। लोकसभा और राज्यसभा की बैठक सामान्य रूप से सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। यह फैसला देश में कोविड संक्रमण में कमी को देखते हुए लिया गया है। इस बार राज्य सभा को कामकाज निपटाने कि लिये 19 घंटे का अतिरिक्त समय मिलेगा।
बजट सत्र का पहला चरण दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के अभिभाषण के साथ 31 जनवरी को शुरू हुआ था।
केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन आज संसद में केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर का वर्ष 2022-23 का बजट पेश करेंगी। बजट पर चर्चा तथा जम्मू कश्मीर के लिए पूरक मांगों पर चर्चा और मतदान भी लोकसभा के आज के कामकाज में सूचीबद्ध है।इसके अलावा लोकसभा में आज संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश संशोधन विधेयक -2022 प्रस्तुत किया जाएगा।