संयुक्त राष्ट्र ने अफगानिस्तान के पड़ोसी देशों से अपनी सीमाएं खुली रखने का आग्रह किया है़, क्योंकि तालिबान के बढ़ते हमलों के कारण जान बचाकर भागने वालों की संख्या बढ रही है। काबुल में ज्यादातर शरणार्थी सड़कों पर रात बिता रहे हैं।
तालिबान ने कल देश के दूसरे सबसे बड़े शहर कंधार पर कब्जा कर लिया। दक्षिणी शहर कंधार कभी तालिबान का मजबूत गढ़ हुआ करता था। कंधार का सामरिक महत्व भी है क्योंकि यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है और कृषि तथा औद्योगिक केंद्र भी यहीं पर हैं।
तालिबानी उग्रवादियों ने पास के शहर लश्कर गाह पर भी कब्जा कर लिया है और अब अफगानिस्तान की करीब एक तिहाई प्रांतीय राजधानियों पर उसका कब्जा हो चुका है।