चौधरी ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में भारत की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहकर संबोधित किया था। इस पर विवाद शुरू हो गया है और संसद के दोनों सदनों में भाजपा सदस्यों ने इस मामले को लेकर हंगामा किया। लोकसभा में कार्यवाही स्थगित होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बीच नोकझोंक हो गयी।
भाजपा ने और सरकार के मंत्रियों ने इस मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग की है। इसी मुद्दे पर लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे के कुछ ही देर बाद जब दोबारा स्थगित कर दी गयी तो सोनिया गांधी सत्तापक्ष की सीटों की तरफ गयीं और उन्होंने भाजपा सांसद रमा देवी से पूछना चाहा कि इस विवाद में उनका नाम क्यों खींचा जा रहा है
रमा देवी के अनुसार सोनिया ने उनसे पूछा, ‘‘मेरी क्या गलती है?’’ रमा देवी ने कहा कि उन्होंने, सोनिया से कहा कि उनकी गलती यह है कि उन्होंने चौधरी को लोकसभा में कांग्रेस का नेता चुना है।
वहीं, सीतारमण ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि सोनिया गांधी भाजपा सदस्यों से ‘धमकी भरे अंदाज’ में बात कर रही थीं। सोनिया ने भाजपा सांसदों से कहा, ‘‘आप मुझसे बात मत कीजिए।’’