नए वित्तीय वर्ष के पहले ही दिन कमर्शियल रसोई गैस की कीमतों में बड़ा उछाल आया है। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने 1 अप्रैल से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। दिल्ली में अब यह सिलेंडर 1,883 रुपये की जगह 2,078.50 रुपये में मिलेगा।
यह बढ़ोतरी अचानक नहीं हुई है। 1 मार्च को सिलेंडर 1,768.50 रुपये का था जो 7 मार्च को 1,883 रुपये हो गया और अब 1 अप्रैल को फिर बढ़ा दिया गया। यानी एक महीने में कुल 310 रुपये की वृद्धि हो चुकी है। अन्य शहरों में भी दाम बढ़े हैं — कोलकाता में 2,208 रुपये, मुंबई में 2,031 रुपये और चेन्नई में 2,246.50 रुपये हो गए हैं।
राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 913 रुपये पर स्थिर है। हालांकि कमर्शियल गैस महंगी होने का सीधा असर होटल और रेस्टोरेंट पर पड़ेगा और बाहर खाना महंगा हो सकता है।
मिडिल ईस्ट में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे टकराव और होर्मुज स्ट्रेट में बाधाओं के कारण वैश्विक ऊर्जा संकट गहराया है। इस संकट का असर भारत पर भी दिख रहा है और देश में LPG के दाम युद्ध जैसे हालात के बीच अब तक दो बार बढ़ाए जा चुके हैं।











