संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि भारत 2023 में चीन को पीछे छोड़ दुनिया का सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश बन जायेगा। एक रिपोर्ट में संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक मामलों के विभाग, जनसंख्या प्रभाग ने कहा कि विश्व की जनसंख्या 15 नवंबर 2022 को आठ अरब तक पहुंचने का अनुमान है।
भारत के अगले साल दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन से आगे निकल जाने का अनुमान है। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में इसकी जानकारी दी गई है। वैश्विक जनसंख्या 1950 के बाद से सबसे धीमी गति से बढ़ रही है, और 2020 में यह 1 प्रतिशत से कम हो गई है।
संयुक्त राष्ट्र के नवीनतम अनुमानों से पता चलता है कि दुनिया की जनसंख्या 2030 में लगभग 8.5 अरब और 2050 में 9.7 अरब तक बढ़ सकती है। आने वाले दशकों में दुनिया की आबादी में आधे से अधिक वृद्धि आठ देशों- कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, मिस्र, इथियोपिया, भारत, नाइजीरिया, पाकिस्तान, फिलीपींस और तंजानिया में होगी।