केंद्रीय जांच ब्यूरो ने दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में बीआरएस एमएलसी के कविता को हिरासत में ले लिया है। कविता फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं.कोर्ट ने मंगलवार को ही भारत राष्ट्र समिति की नेता के कविता की हिरासत 23 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दी थी। उन्हें न्यायिक हिरासत की अवधि खत्म होने पर कोर्ट में पेश किया गया था।
तेलंगाना में एमएलसी और बीआरएस नेता के चंद्रशेखर राव की बेटी के कविता को 15 मार्च को कथित दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था। बुधवार को सीबीआई ने दिल्ली की एक कोर्ट को सूचित किया था कि उन्होंने तिहाड़ जेल में भारत राष्ट्र समिति नेता के कविता से पूछताछ की थी। के कविता को तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
दिल्ली की कोर्ट ने 5 अप्रैल को CBI को कविता से जेल में पूछताछ करने की अनुमति दी थी, जिस आदेश को उसने चुनौती दी है। ईडी ने 15 मार्च को 46 वर्षीय के कविता को हैदराबाद के बंजारा हिल्स स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था. के कविता पर ‘साउथ ग्रुप’ में एक प्रमुख सदस्य होने का आरोप लगाया गया है।










