16 से 20 फरवरी तक नई दिल्ली में प्रस्तावित भारत–एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में दुनिया के 20 देशों के शीर्ष नेता हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह सम्मेलन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर वैश्विक सहयोग के लिहाज से एक ऐतिहासिक आयोजन होगा और वैश्विक दक्षिण (Global South) में आयोजित होने वाला पहला वैश्विक AI शिखर सम्मेलन भी है।
इस समिट में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज, स्विट्ज़रलैंड के राष्ट्रपति गे परमेलिन, नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री डिक स्कूफ और संयुक्त अरब अमीरात के शहजादे शेख खालिद बिन मोहम्मद शामिल होंगे।
इसके अलावा मॉरिशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र रामगुलाम, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति सेबास्टियन पिल्ले और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिन तोगबे भी सम्मेलन में भाग लेंगे।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस शिखर सम्मेलन में बोलिविया, क्रोएशिया, फिनलैंड, ग्रीस, गयाना, कजाकिस्तान, लिकटेंस्टाइन, सर्बिया और स्लोवाकिया सहित कई अन्य देशों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। कुल मिलाकर 45 से अधिक देशों की भागीदारी तय मानी जा रही है।
सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी भी AI के वैश्विक प्रभाव, नैतिकता, समावेशी विकास और नीति-निर्माण जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
भारत-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का उद्देश्य AI को केवल तकनीकी विषय तक सीमित न रखकर विकास, शासन, अर्थव्यवस्था और सामाजिक प्रभाव से जोड़ना है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सम्मेलन भारत को वैश्विक AI विमर्श के केंद्र में लाने के साथ-साथ उभरते और विकासशील देशों की आवाज़ को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती देगा।











