INS विक्रांत को नौसेना में शामिल किया गया

0
175

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज देश में निर्मित पहला विमानवाहक पोत आई एन एस विक्रान्‍त राष्ट्र को समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने भारतीय नौसेना के नये ध्‍वज का भी अनावरण किया। उपनिवेश काल के ध्‍वज को हटाकर प्रतिस्‍थापित यह ध्‍वज भारतीय नौसेना की समृद्ध विरासत का प्रतीक है।

PM ने कहा की आई एन एस विक्रांत विश्‍व के क्षितिज पर नये भारत के उदय का प्रतीक है। उन्‍होंने कहा कि सक्षम और सशक्‍त भारत का स्‍वतंत्रता सेनानियों का स्‍वप्‍न साकार हो रहा है। श्री मोदी ने कहा कि यह विशाल पोत कई मायनों में विशिष्‍ट है। यह केवल एक युद्धपोत नहीं बल्कि कठिन परिश्रम, प्रतिभा और 21वीं सदी में भारत की प्रतिबद्धता और बढ़ते प्रभाव का उत्‍कृष्‍ट उदाहरण है। उन्‍होंने कहा कि यदि लक्ष्‍य दूर हो, यात्रा लम्‍बी हो, समुद्र का विस्‍तार और चुनौतियां अंतहीन हों तो इन पर विजय का समाधान है- विक्रांत।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब विक्रांत समुद्री सुरक्षा के लिए तैनात होगा तो अनेक महिला नौसैनिक भी देश की सुरक्षा में योगदान देंगी। उन्‍होंने कहा कि इस दिशा में मौजूदा व्‍यवधान हटाये जा रहे हैं। मोदी ने कहा कि यदि देश का प्रत्‍येक नागरिक वोकल फॉर लोकल के मंत्र को अपने जीवन में उतार ले तो आत्‍मनिर्भर भारत का लक्ष्‍य प्राप्‍त करना दूर नहीं होगा।

महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा आज भारतीय नौसेना को नया ध्‍वज प्रदान करना और स्‍वदेश में निर्मित विमान वाहक युद्धपोत आई एन एस विक्रांत को राष्‍ट्र को समर्पित करने को एक ऐतिहासिक और स्‍वर्णिम क्षण बताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here