PV सिंधु सुरक्षित भारत लौटीं: दुबई संकट के बाद ऑल इंग्लैंड से नाम वापस, अब स्विस ओपन पर फोकस

 

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप से नाम वापस लेने के बाद सुरक्षित भारत वापसी की जानकारी दी है। सिंधु हाल के दिनों में अपने इंडोनेशियाई कोच इरवांस्याह आदि प्रतामाके साथ दुबई में फंसी हुई थीं। मंगलवार को उन्होंने बेंगलुरु पहुंचने की पुष्टि सोशल मीडिया के जरिए की।

सिंधु ने ‘एक्स’ पर लिखा कि पिछले कुछ दिन बेहद कठिन और अनिश्चित रहे, लेकिन घर लौटकर वह बेहद आभारी हैं। उन्होंने दुबई अथॉरिटी, एयरपोर्ट स्टाफ, इमिग्रेशन अधिकारियों और ग्राउंड टीम का धन्यवाद किया, जिन्होंने संकट के दौरान मदद की। सिंधु ने कहा कि अब वह आराम कर आगे की रणनीति पर ध्यान देंगी।

अमेरिका–इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के चलते दुबई के हालात सामान्य नहीं थे, जिसके कारण सिंधु ऑल इंग्लैंड में हिस्सा नहीं ले सकीं। इससे पहले उन्होंने बताया था कि एयरपोर्ट के पास धमाके की आवाज के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए थे और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

सिंधु ने दुबई में भारतीय उच्चायोग के समर्थन की भी सराहना की, जिसने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाई।

सिंधु अब अगले सप्ताह होने वाले स्विस ओपन में भाग लेंगी। उल्लेखनीय है कि वह 2021 में ऑल इंग्लैंड के सेमीफाइनल तक पहुंची थीं, लेकिन खिताब जीतने में सफल नहीं हो सकीं। पिछले वर्ष उनका अभियान पहले दौर में समाप्त हो गया था।

संकट के बीच सुरक्षित वापसी के बाद अब सिंधु का फोकस पूरी तरह आगामी टूर्नामेंट और अपने प्रदर्शन को नए सिरे से तैयार करने पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here