देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। नतीजे शाम तक आने की संभावना है। मतगणना का कार्य उसी कमरा नंबर 63 में हो रही है जहां सांसदों के वोट डालने की व्यवस्था की गई थी। इसी कमरे को स्ट्रॉन्ग रूम में बदल कर मतपेटियां रखी गई हैं। यहां सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था है। मतदान सोमवार को संसद भवन और राज्य विधानसभाओं में कराया गया था।
अगर मुर्मू जीतती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी। उधर, द्रौपदी मुर्मू के पैतृक स्थान ओडिशा के रायरंगपुर में तो जश्न की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। रायरंगपुर में लड्डू बनने शुरू हो गए हैं।
दिल्ली में बीजेपी नेताओं ने बृहस्पतिवार शाम को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना के बाद भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा के नेतृत्व में एक विशाल ”अभिनंदन यात्रा” की योजना बनाई है, जिसमें हजारों नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे.