ईरान में पुलिस हिरासत में 22 वर्ष की एक महिला महसा अमीनी की मृत्यु के बाद हिज़ाब को लेकर जारी व्यापक विरोध प्रदर्शन में नौ लोगों की मृत्यु हो गई और कई घायल हो गए। अमीनी की मौत को लेकर राजधानी तेहरान और पश्चिमी ईरान में प्रदर्शन हुए हैं।
यह प्रदर्शन ईरान के 20 प्रमुख शहरों तक फैल गया है। विरोध प्रदर्शनों के वीडियो फुटेज में दिखाया गया है कि क्रुद्ध महिलाएं अपने बाल काट रही हैं और महिलाए अनिवार्य रूप से सिर ढकने के खिलाफ संघर्ष करते हुए हिज़ाब जला रही हैं।
इस मुद्दे को लेकर महिलाएं एकजुट हो गई हैं और उन्होंने अपने खिलाफ भेदभाव का आरोप लगाया है और अपने मूल अधिकारों की मांग की है। तेहरान के पुलिस प्रमुख ने कहा है कि हिरासत में अमीनी की मृत्यु दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और ऐसी घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए।