भारतीय जनता पार्टी ने आज कहा कि श्रीमती सोनिया गांधी हो या श्री राहुल गांधी कोई भी कानून से ऊपर नहीं है और कानून सब पर समान रूप से लागू होगा। पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि गांधी परिवार विश्व में सबसे भ्रष्ट परिवार है। उन्होंने कहा कि यह गांधी परिवार का जन्मसिद्ध अधिकार नहीं है कि भ्रष्टाचार के मामले में जांच एजेंसिया कानून के अनुरूप उन्हें सम्मन नहीं कर सकती।
उन्होंने कहा कि भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचारी परिवार अगर कोई है तो वो गांधी परिवार है। क्योंकि एक परिवार के तीन सदस्य सोनिया गांधी भ्रष्टाचार की आरोपी हैं और जमानत पर बाहर हैं।
भाटिया ने कहा कि भ्रष्ट लोगों को डरना होगा और कानून के आगे झुकना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को देश को यह बताना चाहिए कि श्रीमती सोनिया गांधी और श्री राहुल गांधी नेशनल हेरल्ड केस में भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर हैं। ज़मीन के सौदे में रिश्वत के आरोप से जुड़े मामले में श्रीमती गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा अग्रिम ज़मानत पर हैं।
राजनीतिक बदले की भावना के आरोप अस्वीकार करते हुए भाटिया ने कहा कि उच्च न्यायालय या उच्चतम न्यायालय ने गांधी परिवार पर भ्रष्टाचार के मामलों में कोई कार्यवाही खारिज नहीं की है। उन्होंने कहा कि अब जांच एजेसिंया स्वतंत्र हैं और निष्पक्ष ढंग से काम कर रही हैं।