राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश के लिए गर्व का प्रतीक है। तिरंगे के सम्मान में पूरे देश में हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत संस्कृति मंत्रालय ने यह पहल की है। इस कार्यक्रम के जरिये प्रत्येक भारतीय को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्वतंत्रता के 75 वें वर्ष में सामूहिक रूप से घर पर तिरंगा फहराना न केवल तिरंगे के प्रति व्यक्तिगत संबंध बल्कि राष्ट्र-निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। इस कार्यक्रम का उददेश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना है।
मन की बात में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी नागरिकों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को एक जन आंदोलन में बदलने का आह्वान किया था। उन्होंने लोगों से भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के प्रोफाइल पिक्चर में तिरंगे का उपयोग करने का भी आह्वान किया।