भारत में 19 करोड 50 लाख से अधिक टीके लगाकर कोविड टीकाकरण अभियान में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि अब तक 18 से 44 वर्ष के समूह में करीब एक करोड लोगों को पहला टीका लगा दिया गया है। पिछले 24 घंटे में विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के तहत 16 लाख से अधिक कोविड टीके लगाए गए। कल 18 से 44 वर्ष के लगभग 6 लाख 82 हजार लोगों को पहला टीका लगाया गया।
बिहार, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 18 से 44 वर्ष के 10 लाख से अधिक लोगों को पहला टीका लगा दिया गया है।
देश में लगभग 15 करोड 20 लाख लोगों ने पहला जबकि करीब 4 करोड़ 30 लाख लोगों ने दूसरा टीका भी लगवा लिया है।
देश में कोविड महामारी के प्रति सबसे अधिक संवेदनशील जनसंख्या समूह को सुरक्षित करने के उपाय के रूप में केंद्र टीकाकरण कार्यक्रम की उच्च स्तर पर निरंतर समीक्षा और निगरानी कर रहा है। कोविड टीकाकरण अभियान का अधिक उदार और त्वरित तीसरा चरण पहली मई से चल रहा है। इस चरण में 18 से 44 वर्ष के लोगों को कोविड टीके लगाए जा रहे हैं।










