देश में कोविड संक्रमण के नये मामलों में निरन्तर कमी आ रही है। हालांकि कई राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में मामले अभी भी बढ़ रहे हैं।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में चार लाख 22 हजार से अधिक लोग कोविड से ठीक हुए हैं जिससे स्वस्थ होने की दर 85.6 हो गई है। इसे मिलाकर देश में अब तक दो करोड 15 लाख से अधिक रोगी इस संक्रमण से ठीक हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कुल संक्रमित लोगों की संख्या का 13 दशमलव दो नौ प्रतिशत लोगों का इलाज चल रहा है। मंत्रालय ने यह भी कहा है कि इस समय 33 लाख 53 हजार लोगों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। कल देशभर में कोविड-19 के दो लाख 63 हजार नये रोगियों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान चार हजार तीन सौ 29 लोगों की मौत हुई है। इसे मिलाकर मरने वालों की संख्या दो लाख 78 हजार से अधिक हो गई है।
इस बीच भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने कहा है कि कल 18 लाख 69 हजार से अधिक कोविड जांच की गई। अब तक देश में 31 करोड 82 लाख कोविड जांच की जा चुकी है।