देश में कोरोना महामारी के मामलों में बडी तेजी से बढोतरी हो रही है, जिससे कई राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में सक्रिय रोगियों की संख्या भी बढ़ गई है। इसके साथ ही ठीक होने की दर में लगातार गिरावट आ रही है, लेकिन देश भर में टीकाकरण अभियान सुचारू रूप से चल रहा है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया है कि अब तक देश भर में 11 करोड 44 लाख से अधिक कोविड टीके लगाये जा चुके हैं। पिछले 24 घंटों में लोगों को टीके की 33 लाख से अधिक खुराक दी गईं।
मंत्रालय ने यह भी बताया है कि पिछले 24 घंटों में देश भर में कोविड महामारी के दो लाख से अधिक नये मामले दर्ज किये गये। इसके साथ ही देश भर में महामारी का प्रकोप फैलने के बाद से अब तक एक करोड 40 लाख लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। कल भारत में पहली बार एक ही दिन में दो लाख से अधिक नये मामले दर्ज किये गये।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि देश में इस समय सक्रिय मामलों की संख्या 14 लाख 71 हजार से अधिक है, जो संक्रमण की पुष्टि वाले मामलों का दस दशमलव चार पांच प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में देश भर में महामारी से कुल एक हजार 38 मौत भी हुई हैं, जिससे अब तक मौत का शिकार हुए लोगों की कुल संख्या एक लाख 73 हजार को पार कर गई है।
महामारी के बढते मामलों के बीच स्वस्थ होने की दर में और गिरावट आई है और यह 88 दशमलव तीन एक प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटों में 93 हजार लोग संक्रमण से स्वस्थ हुए हैं। देश में महामारी का प्रकोप फैलने के बाद से अब तक कुल एक करोड 24 लाख से अधिक रोगी स्वस्थ हुए हैं