देश में आज करगिल विजय दिवस मनाया जा रहा है। राष्ट्र करगिल विजय दिवस पर युद्धनायकों को याद कर रहा है और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इस दिन सेना ने करगिल पहाडियों से पाकिस्तानी सेना समर्थित घुसपैठियों को बाहर निकाला था।
करगिल युद्ध साठ से अधिक दिनों तक चला था और अपने क्षेत्रों पर भारत के फिर नियंत्रण होने के साथ समाप्त हुआ था। साठ दिन तक चले इस युद्ध में टाइगर हिल की विजय एक बड़ी उपलब्धि थी। भारतीय सैनिकों ने 18 हजार फुट की ऊचाई पर कठिन परिस्थितियों में करगिल युद्ध लड़ा था।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी वीर जवानों को नमन किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने करगिल विजय दिवस पर मातृभूमि की रक्षा में साहस और शौर्य के लिए देश के वीर सपूतों को नमन किया है। उन्होंने कहा कि करगिल विजय दिवस मॉं भारती के गौरव का प्रतीक है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज सवेरे नई दिल्ली में राष्ट्रीय समर स्मारक पर कारगिल युद्ध में बहादुरी से लड़ने वाले शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। तीनों सेना प्रमुखों- थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने भी राष्ट्रीय समर स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।