प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनके द्वारा 2010 में बोए गए खेल महाकुंभ का बीज एक विशाल पेड़ बन गया है। श्री मोदी ने कहा कि 2010 में प्रतिभागियों की संख्या जहां 13 लाख थी, बढ़कर 2022 में 55 लाख हो गई है।
आज शाम अहमदाबाद के सरदार पटेल स्टेडियम में गुजरात के विशाल वार्षिक खेल आयोजन ‘खेल महाकुंभ’ का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही। राज्य स्तरीय खेल कार्यक्रम पहली बार 2010 में नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वयं शुरू किया गया था जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने डिजिटल रूप से गुजरात खेल नीति- 2022-27 का अनावरण भी किया। नई नीति का उद्देश्य गुजरात को देश का खेल केंद्र बनाना है। मोदी ने कहा कि यह केवल एक शुरुआत है और देश भविष्य में अन्य बडे देशों के साथ मजबूत दावेदार होगा।
इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और खेल, युवा और सांस्कृतिक गतिविधियों के राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने भी जन समूह को सम्बोधित किया।