भजनलाल शर्मा 15 दिसंबर को जयपुर में सुबह सवा ग्यारह बजे राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को आमंत्रण भेजा जाएगा। इसके अलावा कार्यक्रम के लिए भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण भेजा जा रहा है।
इस संबंध में प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ ने बुधवार को बताया कि मनोनीत मुख्यमंत्री भजनलाल के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा भी शपथ लेंगे। 15 दिसंबर को ही भजनलाल शर्मा का जन्मदिन भी है। शपथ से पहले भजनलाल गिरिराज महाराज के दर्शन करने के लिए भरतपुर भी जाएंगे।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई बैठक के बाद इस समारोह को लेकर अलग-अलग नेताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं। जयपुर के अल्बर्ट हॉल के बाहर होने वाले समारोह में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। साथ ही अब नई सरकार के स्वरूप पर चर्चाएं चल रही हैं। विधायकों ने मंत्री बनने के लिए कोशिशें शुरू कर दी हैं। हालांकि, मंत्रिमंडल का शुरुआती स्वरूप कैसा होगा, इसको लेकर अलग-अलग कयास हैं।