पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए एक राहत भरी खबर आई है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि LPG और LNG जैसे जरूरी उत्पाद ले जा रहे छह भारतीय जहाज अब तक सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर चुके हैं। भारत अपने जहाजों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए ईरान और अन्य संबंधित देशों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक ब्रीफिंग में कहा, ‘हम ईरान और क्षेत्र के अन्य देशों के संपर्क में हैं ताकि LPG, LNG और अन्य उत्पाद ले जा रहे हमारे जहाजों के लिए सुरक्षित और बाधामुक्त रास्ता सुनिश्चित किया जा सके। इसी बातचीत के जरिए छह भारतीय जहाज होर्मुज से सुरक्षित निकल पाए हैं।’
फारस की खाड़ी में अभी भी 18 भारतीय झंडे वाले जहाज मौजूद हैं जिनकी आवाजाही में तेजी लाने के प्रयास जारी हैं। जायसवाल ने उन रिपोर्टों को खारिज किया जिनमें दावा किया गया था कि भारत होर्मुज से पारगमन के लिए ईरान को टोल दे रहा है।
ईरान ने पहले घोषणा की थी कि वह भारत, चीन, रूस, इराक और पाकिस्तान को मित्र देशों के रूप में मानते हुए उनके जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति देगा। यह जलमार्ग वैश्विक तेल और गैस निर्यात का लगभग 20 प्रतिशत वहन करता है।











