सिक्किम में बादल फटा, सेना के 23 जवान लापता

सिक्किम के मंगन जिले में ल्‍होनक झील में बादल फटने के बाद तीस्‍ता नदी में बाढ़ आ गई। पेकयोंग जिले में सैन्‍य प्रतिष्‍ठान के बाढ़ की चपेट में आने से 23 जवानों के लापता होने की खबर है। बारदांग में कई वाहन बाढ़ में बह गए हैं। यहां से एक व्‍यक्ति को बचाया गया है।

मंगन, गंगतोक, पेकयोंग और नामची जिलों में भारी नुकसान की खबर है। कई पुल टूट गए हैं और मकान बह गए हैं। फिदांग और दिक्‍चु में भी मकानों को नुकसान पहुंचा है। मंगन जिले में संचार नेटवर्क बाधित हुआ है। सांगखलांग में जी आर ई एफ के दो कर्मी लापता है। तुंग में पुलिस बैरक बह गया है और चार लोग लापता है। राज्‍य आपदा राहत बल ने गंगतोक में 25 लोगों को सुरक्षित निकाला है। सिलीगुड़ी होते हुए पश्चिम बंगाल से सिक्किम का संपर्क राष्ट्रीय राजमार्ग 10 पर कम से कम चार स्थानों पर बाधित है।

सिक्किम में तीस्‍ता नदी थाले में अचानक बाढ़ के बाद मुख्‍यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने आज सुबह बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। मुख्‍यमंत्री ने पीड़ित लोगों से भेंट की। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को कहा। मुख्‍यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार लोगों को सुरक्षित निकालने और उनके पुनर्वास के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here