महाराष्ट्र में कोविड महामारी की श्रृंखला तोड़ने के लिए पूरे राज्य में आज रात से 15 दिन के लिए कड़े प्रतिबंध लगाए जाएंगे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि कोविड महामारी की श्रृंखला तोड़ने के लिए पूरे राज्य में आज रात आठ बजे से 15 दिन के लिए कड़े प्रतिबंध लगाए जाएंगे।

श्री ठाकरे ने वर्चुअल माध्यम से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में कोविड संक्रमितों की बढ़ती दैनिक संख्या काफी भयावह है और कोरोना का फैलाव रोकने के लिए राज्य में धारा 144 लागू की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवधि में मुंबई में लोकल ट्रेन और बस सेवा बंद नहीं होगी लेकिन केवल जरूरी सेवा से संबंधित कर्मचारियों को यात्रा करने की अनुमति होगी।

राज्य में ऑक्सीजन की कमी को स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों से ऑक्सीजन लाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से वायुसेना को महाराष्ट्र के लिए अन्य राज्यों से ऑक्सीजन लाने का निर्देश देने का अनुरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग से ऑक्सीजन लाने में देरी होगी इसलिए वायु परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में प्रति दिन 40 से 50 हजार रेमडेसिवीर इंजेक्शन की मांग है। उन्होंने सेवानिवृत्त नर्सों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इस अभूतपूर्व संकट को कम करने के लिए आगे आएं और लोगों की मदद करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यक सेवाएं सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक संचालित रहेंगी। अस्पताल, चिकित्सा कर्मचारी, वैक्सीन निर्माता, मास्क निर्माता, पशुपालन विभाग के कर्मचारी, वेअर हाउसिंग, वायुसेवाएं कार्य करती रहेंगी।

रिजर्व बैंक, बैंक, ई-कॉमर्स, मान्यता प्राप्त पत्रकार, कार्गो की सेवाएं भी जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस अवधि में निजी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। लोगों की अनावश्यक आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

सरकार ने सड़क के किनारे ढाबों और रेस्त्रां को सुबह सात बजे रात आठ तक खोलने की अनुमति दी है लेकिन केवल भोजन ले जाने की ही सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 करोड़ लोगों को एक महीने के लिए 3 किलोग्राम गेहूं और 2 किलोग्राम चावल दिया जाएगा। अगले महीने जरूरतमंद लोगों को शिव भोजन थाली मुफ्त उपलब्ध करायी जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकृत लाइसेंस रखने वाले पांच लाख खोमचे वाले और ऑटो रिक्शा चालकों को 1500 रुपए दिए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here