राजकपूर के पुत्र, अभिनेता-निर्देशक राजीव कपूर का मुम्‍बई में निधन

0
479

अभिनेता-निर्देशक राजीव कपूर का आज मुम्‍बई में निधन हो गया। वे 58 वर्ष के थे। राजीव कपूर स्‍वर्गीय अभिनेता और फिल्‍म निर्माता राजकपूर के पुत्र थे। चैम्‍बूर में उनके निवास पर हृदयाघात के बाद राजीव कपूर को अस्‍पताल ले जाया गया, जहां उन्‍हें मृत घोषित कर दिया गया। राजीव कपूर का जन्‍म 25 अगस्‍त 1962 को हुआ था। उन्‍होंने 1983 में एक जान हैं हम फिल्‍म से कैरियर की शुरूआत की। बाद में उन्‍होंने कई फिल्‍मों में मुख्‍य किरदार की भूमिका निभाई। राम तेरी गंगा मैली उनकी सुपरहिट फिल्‍म रही। उन्‍होंने आसमान, लवर बॉय, हम तो चले परदेश और जबरदस्‍त जैसी फिल्‍मों में काम किया। राजीव कपूर ने निर्देशन और निर्माता के रूप में भी जगह बनाई।

उन्‍होंने ऋषि कपूर और माधुरी दीक्षित की फिल्‍म प्रेम ग्रंथ का निर्देशन किया था। राजीव कपूर ने हिना और आ अब लौट चलें जैसी फिल्‍में भी बनाईं। 28 वर्ष के अन्‍तराल के बाद राजीव कपूर अभिनेता के रूप में आशुतोष गॉवरीकर की फिल्‍म तुलसीदास जूनियर से बडे पर्दे पर वापसी करने वाले थे। संजय दत्‍त की मुख्‍य भूमिका वाली इस फिल्‍म की घोषणा पिछले साल दिसम्‍बर में की गई थी। राजकपूर के तीन बेटों और दो बेटियों में राजीव कपूर सबसे छोटे थे। उनकी बड़ी बहन ऋतु नंदा और भाई ऋषि कपूर का पिछले वर्ष निधन हुआ था। फिल्‍मजगत की अनेक जानीमानी हस्तियों ने राजीव कपूर के निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here