अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे संघर्ष को रोकने के संकेत दिए हैं। द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि ट्रंप ने अपने सहयोगियों से कहा है कि वह यह युद्ध खत्म करने को तैयार हैं, भले ही होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह न खुले। ट्रंप और उनके सहयोगियों का मानना है कि स्ट्रेट खोलने की कोशिश से यह जंग और लंबी खिंच सकती है।
ट्रंप ने इस संघर्ष के लिए 4 से 6 हफ्ते का समय तय किया था। अब उनकी प्राथमिकता ईरान की नौसेना, मिसाइल स्टॉक, रक्षा उद्योग और परमाणु ढांचे को कमजोर करने पर केंद्रित है। होर्मुज स्ट्रेट के जरिए व्यापार फिर से शुरू करने के लिए तेहरान पर कूटनीतिक दबाव बनाने की रणनीति तय की गई है।
हालांकि ट्रंप का सार्वजनिक रुख हमेशा एक जैसा नहीं रहा। सोमवार सुबह उन्होंने धमकी दी कि अगर जल्दी डील नहीं हुई तो वह ईरान के बिजली संयंत्र, तेल के कुएं और खार्ग द्वीप को पूरी तरह तबाह कर देंगे। सरकार ने क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी भी बढ़ाई है — USS त्रिपोली और 31वीं मरीन यूनिट तैनात हो चुकी है और 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के कुछ हिस्से भी पहुंच रहे हैं।
वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक 10,000 और जमीनी सैनिकों की तैनाती पर भी विचार चल रहा है। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी ने कहा कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट के जरिए सामान्य शिपिंग बहाल करने की दिशा में काम कर रहा है, हालांकि यह फिलहाल मुख्य सैन्य प्राथमिकता नहीं है।











