केरल में आज दूसरे दिन भी मजदूर संगठनों की हड़ताल से जनजीवन प्रभावित हुआ। कई मजदूर संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर कल से दो दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था।
हालांकि, केरल उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने घोषणा की थी कि जो कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे उन्हें गैरहाजिर माना जाएगा।
कुछ स्थानों पर व्यापारियों को दुकानें खोलने के प्रयास में हड़ताल समर्थकों के कड़े विरोध का सामना करना पडा। कुछ स्थानों पर व्यापारियों और मजदूर संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें होने के समाचार हैं।
बैंक, दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे और वाहन भी नहीं चले। कुछ जगहों पर टैक्सी, ऑटो-रिक्शा और निजी वाहन चलते नजर आए।
कोविड से संबंधित मामलों और विदेशी पर्यटकों की आवाजाही सहित आवश्यक सेवाओं को हड़ताल से छूट दी गई थी।
राज्य सड़क परिवहन निगम ने अस्पतालों, हवाई अड्डों और रेलवे स्टेशनों के लिए आपातकालीन बस सेवा प्रदान की।