रियाद: सऊदी अरब में हूती हमलों के बाद भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए दूतावास ने सभी प्रवासियों को पूरी तरह सतर्क रहने और सुरक्षा दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया है।
दिशा-निर्देशों में नागरिकों से कहा गया है कि वे स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। इसके साथ ही प्रवासियों को अनावश्यक आवाजाही से बचने, भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की असत्यापित सूचना या अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी गई है।
भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया है कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विषम परिस्थितियों में सहायता और संपर्क के लिए हेल्पलाइन माध्यम भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में जरूरतमंद नागरिकों तक त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सके।











