सऊदी अरब जाने वाली फ्लाइट से 16 पाकिस्तानियों को उतारा गया

पाकिस्तान के मुल्तान शहर से सऊदी अरब जा रहे प्लेन से 16 भिखारियों को ज़बरदस्ती नीचे उतार दिया गया। इन लोगों पर आरोप है कि ये उमराह करने के नाम पर पाकिस्तान से सऊदी अरब जाते हैं, वहाँ वो भीख माँगकर देश को शर्मिंदा करते हैं। इस बारे में एक वरिष्ठ पाकिस्तानी अधिकारी ने आरोप लगाया था कि सऊदी अरब में उमराह के लिए जाने वाले अधिकांश पाकिस्तानी केवल भीख माँगने के लिए जाते हैं। अधिकारी ने कहा कि ये लोग सऊदी अरब में अपने रिश्तेदारों या दोस्तों के साथ रहते हैं और उन्हें भीख माँगने के लिए भेजते हैं। इस मामले का खुलासा पाकिस्तानी सीनेट की एक बैठक के दौरान हुआ।

पाकिस्तानी न्यूज चैनल समा की रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये घटना दो दिन पहले की है जिसमें 16 लोगों को प्लेन से उतारा गया। पाकिस्तान के मुल्तान एयरपोर्ट पर जिस ग्रुप को प्लेन से उतारा गया है, उसमें एक बच्चा, 11 महिलाएँ और चार पुरुष शामिल हैं। ये उसी ग्रुप का हिस्सा है, जो उमराह के नाम पर सऊदी अरब जाकर भीख माँगते हैं। इस बारे में पाकिस्तानी सीनेट की ओवरसीज पाकिस्तानियों के मामले की स्टैंडिंग कमेटी की मीटिंग में विभाग के सेक्रेटरी जीशान खानजादा ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा है कि सऊदी अरब और अन्य मिडिल ईस्ट देशों में जाकर पाकिस्तानी भीख माँगते हैं।

एक मीडिया रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कमिटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे राणा महमूदुल हसन काकर ने कहा कि जापान में जब 3.40 लाख स्किल्ड लोगों की जरूरत थी, तब सिर्फ 200 पाकिस्तानी ही वहाँ गए थे, वो भी तब जब पाकिस्तान में 50 हजार से ज्यादा इंजीनियर बेरोजगार घूम रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here