अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा: विदेश मंत्रालय

अरुणाचल प्रदेश पर चीन के बेतुके बयान को खारिज करते हुए विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक बार फिर दो टूक में कहा आधारहीन तर्क दोहराने से ऐसे दावों को कोई वैधता नहीं मिलती है। अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा। दरअसल अरुणाचल प्रदेश के क्षेत्र के संबंध में चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता की हालिया टिप्पणियों के जवाब में, भारत ने इन दावों को बेतुका और आधारहीन बताते हुए अपने रुख की पुष्टि की है।

विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता, रणधीर जयसवाल ने मंगलवार (19, मार्च) को कहा कि अरुणाचल प्रदेश के संबंध में निराधार तर्क दोहराने से ऐसे दावों को कोई विश्वसनीयता नहीं मिलती है। यह क्षेत्र हमेशा भारतीय संप्रभुता के अधीन रहा है, है और रहेगा, यहां के लोग भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए विभिन्न विकास कार्यक्रमों और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से लाभान्वित होते हैं।

गौरतलब हो कि 9 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश में 13 हजार फीट की ऊंचाई पर बनी सेला सुरंग को राष्ट्र को समर्पित किया था। यह सुरंग रणनीतिक रूप से स्थित तवांग को हर मौसम में कनेक्टिविटी देगी, सशस्त्र बलों की तैयारियों को मजबूती देगी और सीमा क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ाएगी। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here