प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। गुरुवार को लंदन गैटविक जाने वाली एआई-171 फ्लाइट उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, “आज अहमदाबाद में दुर्घटना स्थल का दौरा किया। तबाही का दृश्य दुखद है। उन अधिकारियों और टीम से मुलाकात की जो घटना के बाद से अथक परिश्रम कर रहे हैं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने इस अकल्पनीय त्रासदी में अपने प्रियजनों को खो दिया है।”
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री ने बाद में अहमदाबाद सिविल अस्पताल में दुर्घटना में घायल हुए लोगों से भी मुलाकात की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति का जायजा लेने के पश्चात मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि विमान में लगभग 125,000 लीटर ईंधन होने के कारण उत्पन्न उच्च तापमान की वजह से किसी के बचने की संभावना नहीम थी। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 1000 डीएनए परीक्षण किए जा चुके हैं और पीड़ितों की आधिकारिक संख्या डीएनए जांच के बाद ही जारी की जाएगी।
शाह ने यह भी बताया कि घटना के केवल 10 मिनट के भीतर ही सूचना प्राप्त हो गई थी, जिसके बाद प्रधानमंत्री, गुजरात के गृह मंत्री, गृह विभाग के नियंत्रण कक्ष और नागरिक उड्डयन विभाग को तत्काल सूचित किया गया। प्रधानमंत्री के निर्देश पर केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य आरंभ किया।