ईरान युद्ध के बीच ऊर्जा संकट से निपटने के लिए सरकार ने कई मोर्चों पर एक साथ काम शुरू कर दिया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार मार्च 2026 से अब तक 3.42 लाख नए PNG कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं और 3.7 लाख नए रजिस्ट्रेशन दर्ज हुए हैं। राज्यों को घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए नए PNG कनेक्शन में सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने नागरिकों से साफ अपील की है कि वे घबराहट में LPG की बुकिंग या ईंधन की अनावश्यक खरीद न करें। डिजिटल माध्यमों से बुकिंग करने और बिना जरूरत गैस एजेंसी न जाने की सलाह दी गई है। मंत्रालय ने घरों में PNG, इंडक्शन और इलेक्ट्रिक कुकटॉप जैसे वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की भी अपील की है।
आपूर्ति बढ़ाने के लिए भी ठोस कदम उठाए गए हैं। रिफाइनरी उत्पादन बढ़ाया गया है और शहरी क्षेत्रों में LPG बुकिंग का अंतराल 21 से बढ़ाकर 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन कर दिया गया है। LPG की मांग कम करने के लिए केरोसिन और कोयला जैसे वैकल्पिक ईंधन भी उपलब्ध कराए गए हैं।
23 मार्च से अब तक 5 लाख से अधिक छोटे 5 किलो के LPG सिलेंडर बेचे जा चुके हैं। घरेलू एलपीजी, PNG, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। पेट्रोलियम सचिव ने राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जमाखोरी और गलत सूचनाओं पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।










